नई दिल्ली। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की दूरसंचार एवं इंटरनेट सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग उठाई।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में केंद्र सरकार के सहयोग से एक दर्जन से अधिक Bharat Sanchar Nigam Limited के 4जी टावर स्थापित किए गए हैं। इनमें से कई टावर सैटेलाइट के माध्यम से संचालित हो रहे हैं, जिसके कारण नेटवर्क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और लोगों को अपेक्षित मोबाइल व इंटरनेट सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई ग्रामीण और दूरस्थ गांव आज भी मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं। इसका सबसे अधिक असर छात्रों, स्थानीय निवासियों, किसानों और पर्यटकों पर पड़ रहा है। लोगों को ऑनलाइन सेवाओं, शिक्षा, बैंकिंग और आपातकालीन परिस्थितियों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
कैबिनेट मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि नेटवर्क विहीन गांवों में नए मोबाइल टावर लगाए जाएं तथा जहां नए बीएसएनएल 4जी टावर स्थापित किए गए हैं, उन्हें फाइबर लाइन से जोड़ा जाए ताकि संचार सेवाएं अधिक तेज, स्थिर और विश्वसनीय बन सकें।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को भीमताल विधानसभा क्षेत्र में संचार सेवाओं का सर्वे कराने और नेटवर्क कनेक्टिविटी को शीघ्र सुदृढ़ करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। यहां बेहतर मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी होने से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

