3.49 करोड़ रुपये स्वीकृत, जल्द शुरू होंगे कार्य : मंत्री राम सिंह कैड़ा
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को सड़क सुविधा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से खेरोला-खड़की-नौकुचियाताल मोटर मार्ग निर्माण तथा लुगड़ पुल से पातीजाला मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए कुल 3 करोड़ 49 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि भीमताल ब्लॉक के खेरोला-खड़की-नौकुचियाताल क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दैनिक उपयोग का सामान ढोने और बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीजों को घोड़ों अथवा कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि इस मोटर मार्ग के निर्माण से खेरोला से नौकुचियाताल तक संपर्क स्थापित होगा तथा भीमताल क्षेत्र को एक वैकल्पिक बाईपास मार्ग भी मिलेगा। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सड़क निर्माण की घोषणा कराई गई थी। इसके बाद राज्य योजना के अंतर्गत डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई और अब खेरोला-खड़की मोटर मार्ग निर्माण के लिए 1 करोड़ 19 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
इसके अलावा ओखलकांडा ब्लॉक में लुगड़ पुल से चमोली गाजा-पातीजाला तक मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस सड़क के डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों परियोजनाओं पर जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नई सड़कों के निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए उनकी प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी सड़क परियोजनाओं की मंजूरी पर मंत्री राम सिंह कैड़ा का धन्यवाद किया।

