बागेश्वर। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 1 जुलाई 2026 (बुधवार) को जनपद बागेश्वर के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्वा पाण्डे के आदेशानुसार, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से प्राप्त ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र 1 जुलाई को बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी बागेश्वर एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार के विचलन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।

