हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा, घायलों का जाना हाल; बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर
ओखलकांडा। ग्राम सभा ओखलकांडा मल्ला में सोमवार को कृषि विभाग का कैंटर वाहन (यूके 04 सीबी 1819) दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक कमल जोशी (25) पुत्र हरीश जोशी, निवासी मनाघेर की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता (59) पुत्र हरक सिंह, पंकज सिंह (27) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी धानाचुली और रोहित कुमार पुत्र सुरेश चंद्र निवासी पस्या शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचे और घायलों का हाल जाना। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया। मंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर मृतक चालक का पोस्टमार्टम मौके पर ही कराने को कहा, जिसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में पोस्टमार्टम कराया गया। मंत्री ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों और घायलों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह मृतक के परिजनों और घायलों के साथ खड़े हैं तथा हरसंभव मदद की जाएगी।

