हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार सुबह नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में पांच टीमों ने विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं, नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में सफाई व्यवस्था एवं कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई कर्मचारी और सफाई नायक निर्धारित कार्यस्थलों पर मौजूद नहीं मिले। नगर आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों एवं सफाई नायकों को निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहने और पूरी कार्यावधि में जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा। साथ ही समयबद्ध उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम की कार्यप्रणाली का चेहरा है। स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर नागरिकों के जीवन स्तर और शहर की छवि से सीधे जुड़ा है। इसलिए सफाई व्यवस्था में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

