IMG 20260816 WA0018 चोरगलिया : मुख्यमंत्री धामी ने शेर नाला पर 9.93 करोड़ की लागत से बने डबल लेन पुल का किया लोकार्पण

चोरगलिया : मुख्यमंत्री धामी ने शेर नाला पर 9.93 करोड़ की लागत से बने डबल लेन पुल का किया लोकार्पण

उत्तराखण्ड ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

हल्द्वानी (चोरगलिया)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान चोरगलिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी पहुंचकर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता और त्वरित गति से समाधान करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के चोरगलिया पहुंचने पर हैलीपैड में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और विभिन्न समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

मानसून में आवागमन की समस्या होगी दूर

शेर नाला के उफान पर आने के कारण मानसून के दौरान क्षेत्र में आवागमन अक्सर प्रभावित होता था। मार्ग बाधित होने से स्थानीय लोगों को लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था। नए पुल के निर्माण से क्षेत्रीय जनता के साथ-साथ हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग से आवागमन करने वाले यात्रियों और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

पुल के लोकार्पण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *