IMG 20260706 WA0036 आंचल दुग्ध संघ में ISO का वार्षिक ऑडिट, गुणवत्ता व खाद्य सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच

आंचल दुग्ध संघ में ISO का वार्षिक ऑडिट, गुणवत्ता व खाद्य सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

दूध संग्रहण से पैकेजिंग तक हर प्रक्रिया का निरीक्षण, टीम ने दिए सुधारात्मक सुझाव

लालकुआं। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (ISO) की ऑडिट टीम ने वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता तथा उत्पादन से जुड़ी कार्यप्रणालियों का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

ISO ऑडिट टीम के अधिकारी पी. राजेश और चंद्रमोहन का प्रशासनिक भवन पहुंचने पर संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा तथा प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर ऑडिट प्रक्रिया शुरू की गई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने दूध संग्रहण, प्रोसेसिंग, पाश्चुरीकरण, पैकेजिंग और वितरण से जुड़ी सभी प्रमुख प्रक्रियाओं का गहन निरीक्षण किया। साथ ही प्लांट की तापमान नियंत्रण प्रणाली, मशीनों की स्वच्छता, प्रयोगशाला में गुणवत्ता परीक्षण की व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी बारीकी से जांच की।

ऑडिट टीम ने दुग्ध उत्पादन से संबंधित अभिलेखों, दैनिक कार्यों, गुणवत्ता नियंत्रण रिपोर्ट, रखरखाव रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की समीक्षा की। इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, प्लांट परिसर की स्वच्छता व्यवस्था तथा पूर्व में दिए गए सुझावों पर की गई सुधारात्मक कार्रवाइयों का भी मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के बाद टीम ने प्लांट में पारदर्शी विंडो डोर लगाए जाने सहित कुछ आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए, ताकि गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जा सके।

इस अवसर पर दुग्ध संघ के कारखाना प्रबंधक ने ऑडिट टीम को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली, खाद्य सुरक्षा उपायों और उत्पादन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान दुग्ध संघ के विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *