IMG 20260519 WA0016 scaled एक्सपोर्ट हब के रूप में उभर रहा उधमसिंह नगर, उद्योग मित्र बैठक में निवेश और आधारभूत सुविधाओं पर हुआ मंथन

एक्सपोर्ट हब के रूप में उभर रहा उधमसिंह नगर, उद्योग मित्र बैठक में निवेश और आधारभूत सुविधाओं पर हुआ मंथन

उत्तराखण्ड ऊधमसिंह नगर ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

 

रुद्रपुर । उधमसिंह नगर को प्रदेश के प्रमुख एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया है। मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित उद्योग मित्र बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योगों से जुड़े सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले का औद्योगिक वातावरण और अधिक निवेश अनुकूल बन सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि उधमसिंह नगर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां स्थापित उद्योग देश-विदेश के बाजारों में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों को शांतिपूर्ण माहौल, बेहतर सड़क, बिजली और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है ताकि उद्यमियों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक में उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों ने बिजली, सड़क, भूमि लाइसेंस, फायर एनओसी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। एल्डिको सिडकुल औद्योगिक पार्क सितारगंज फेज-2 में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए उद्यमियों ने नए विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की मांग की। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सितारगंज ने बताया कि प्रस्ताव राज्य स्तरीय उद्योग मित्र बैठक के लिए निदेशालय को भेज दिया गया है।

उद्यमियों ने सितारगंज से एल्डिको सिडकुल तक सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग भी रखी। अधिशासी अभियंता लोनिवि ने जानकारी दी कि वर्तमान दो लेन सड़क को तीन लेन में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है तथा फिलहाल सड़क को गड्ढामुक्त कर दिया गया है। इससे आने वाले समय में भारी वाहनों की आवाजाही और औद्योगिक परिवहन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में काशीपुर-मुरादाबाद रोड पर प्रस्तावित 132 केवी पावर सब स्टेशन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिशासी अभियंता पिटकुल ने बताया कि सरवरखेड़ा में उप संस्थान निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। वहीं मै. मॉ शीतला वेंचर्स लिमिटेड से एनएच-74 तक पाहा नहर कवरिंग के संबंध में सिंचाई विभाग द्वारा शासन को अनुस्मारक भेजे जाने की जानकारी दी गई।

अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जो प्रकरण शासन स्तर पर लंबित हैं, उनमें नियमित फॉलोअप किया जाए और जिला स्तर के मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की समस्याओं का त्वरित समाधान ही जिले में निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देगा।

बैठक में उप जिलाधिकारी एवं आरएम सिडकुल रुद्रपुर मनीष बिष्ट, आरएम सिडकुल सितारगंज रविन्द्र कुमार, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, केजीसीसीआई से आरके गुप्ता, अशोक बंसल तथा एसईडब्ल्यूएस के अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *