हल्द्वानी। सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित संस्था ‘जीवन चेतना फाउंडेशन’ द्वारा 60-कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित ‘जीवन चेतना उन्नति केंद्र’ (रामड़ी हल्द्वानी, जन मिलन केंद्र के समीप, फतेहपुर, कठघरिया) में शुक्रवार को एक गरिमामय “शिक्षा सहयोग कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के वंचित बच्चों को शैक्षिक संसाधनों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में धरोहर विकास संस्था के अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र पाण्डे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्री कमल भट्ट, श्रीमती सुनीता खत्री एवं श्रीमती नीमा बोरा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर धरोहर विकास संस्था के विशेष सहयोग से केंद्र से जुड़े 30 बच्चों को कॉपी, पेंसिल, रबर सहित अन्य आवश्यक लेखन सामग्री एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई। अध्ययन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर झलकती खुशी और उत्साह ने कार्यक्रम की सार्थकता को दर्शाया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के संस्थापक प्रवीण कुमार पाण्डे एवं अध्यक्ष दीपक जोशी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने बताया कि जीवन चेतना उन्नति केंद्र का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में संजय पाण्डे, डुगर डोलगाई, सुरेश जोशी सहित संस्था की पूरी टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में संस्था पदाधिकारियों ने केंद्र के माध्यम से भविष्य में भी निरंतर जनसेवा और शैक्षिक सहयोग जारी रखने का संकल्प दोहराया।

