डीएम कैम्प कार्यालय में हरीश पनेरू व अन्य ग्रामीण

ओखलकांडा ब्लाक दफ्तर में भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीण मुखर, डीएम ने दिया जांच का आश्वासन

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू के नेतृत्व में डीएम से मिले ग्रामीण
हल्द्वानी। ओखलकांडा ब्लाक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों पर विभिन्न योजनाओं के नाम पर भ्रष्टाचार का बड़ा खेल करने का आरोप लगा है। भ्रष्टाचार के इस खेल में छोटे-बड़े स्तर के अफसरों से लेकर जनप्रतिनिधयों की संलिप्तता की बात की सामने आई है। ग्रामीणों की शिकायत पर नैनीताल डीएम वंदना सिंह ने मामले की जांच कराकर ब्लाक कार्यालय में स्वच्छ कार्य संस्कृति के तहत ही कार्य कराने का आश्वासन दिया है।
गुरुवार को पूर्व दर्जा मंत्री एवं कांग्रेसी नेता हरीश पनेरू के नेतृत्व में ओखलकांडा ब्लाक क्षेत्र के तमाम ग्रामीण डीएम कैम्प कार्यालय हल्द्वानी पहुंचे और जिलाधिकारी वंदना सिंह को ओखलकांडा ब्लाक कार्यालय में योजनाओं के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार से अवगत कराया। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू ने कहा कि सरकार की ओर से संचालित अधिकांश योजनाओं में अफसरों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इसमें जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जा रहा है जिससे पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं ग्रामीणों की ओर से आवाज उठाने पर विभिन्न स्तरों पर जांचों को भी दबाया जा रहा है।
कहा कि भ्रष्टाचार के इस खेल से जहां वास्तविक पात्र व्यक्ति योजना का लाभ लेने से वंचित हो रहा है तो वहीं सरकारी धन का भी दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
वहीं जिलाधिकारी वंदना सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच डीपीआरओ से कराई जाएगी और स्वच्छ कार्य संस्कृति का वातावरण तैयार किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भी डीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया।
इस मौके पर सोबन सिंह, गोपाल चिलवाल, प्रकाश आर्य, गिरीश आर्य, कुंदन सिंह, दीपू सनवाल, सुरेश चन्द्र सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

1610202602 ओखलकांडा ब्लाक दफ्तर में भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीण मुखर, डीएम ने दिया जांच का आश्वासन Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *