हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई। इस दौरान वृक्षारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण, पत्रिका एवं न्यूज लेटर का विमोचन तथा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने ध्वजारोहण कर विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीर बलिदानियों को नमन करने का अवसर है, जिनके त्याग के कारण देशवासी आज स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। साथ ही यह पर्व आत्ममंथन का भी अवसर है, जिससे हम स्वतंत्रता के साथ अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।
कुलपति ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षण संस्थान होने के बावजूद विश्वविद्यालय अपने शिक्षार्थियों से लगातार जुड़ रहा है। विश्वविद्यालय ने अनेक अग्रणी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन किए हैं, जिनसे विकास और प्रगति के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और निरंतर आगे बढ़ रहा है।
हरित परिसर का लिया संकल्प
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के संकल्प के साथ पौधरोपण किया गया। इसके बाद बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगीत और वंदेमातरम् की प्रस्तुति हुई।
इस दौरान वैष्णव जन तो तेने कहिए जे, निकिता कुतलकोटी द्वारा संदेशे आते हैं, महेश कुमार द्वारा झूला गीत, सूरज जोशी द्वारा ओ देश मेरे, तेरी शान से बढ़के तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों की विशेष प्रस्तुति सहित विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित
प्रो. रेनू प्रकाश ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में तीन चरणों में विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
समारोह में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं सोनम गुलाटी, नीरज सिंह और दिवाकर खोलिया, मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका आर्य, मीतू और बबली तथा क्विज प्रतियोगिता में हिमांशु पुनेठा, दिग्विजय, सागर उप्रेती, गौरव उपाध्याय, कृतिका त्रिवेदी और मानताशा समेत अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। संगीत कार्यक्रम के प्रतिभागियों संदीप सिंह सोढ़ी, महेश चंद्र सहित अन्य प्रतिभागियों और योग विभाग के शिक्षार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
‘उड़ान’ पत्रिका और न्यूज लेटर का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ और न्यूज लेटर का विमोचन किया। वहीं समाज कार्य विभाग की ओर से शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने दायित्वों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का संयोजन विभाग की समन्वयक डॉ. नीरजा सिंह ने किया।
समापन पर डॉ. खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए देश-विदेश में रह रहे भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता दिलाने वाले वीरों और देश की आजादी की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षार्थी मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, उत्साह और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से सराबोर रहा।

