नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने मंगलवार को विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कुलपति कार्यालय पहुंचने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कुलपति कार्यालय में कूटा (कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ) सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रो. बिष्ट का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया गया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे, कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, निदेशक प्रो. संजय पंत सहित डॉ. शिवांगी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कुबेर गिनती, प्रो. हरीश बिष्ट, प्रो. अमित जोशी, प्रो. एलके सिंह, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. दीपक मेलकानी, एलडी उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। नवनियुक्त कुलपति के कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में लड्डू एवं मिष्ठान वितरण भी किया गया। शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रो. बिष्ट के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही विश्वविद्यालय परिवार में नए नेतृत्व को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

