IMG 20261120 WA0011 हल्द्वानी में 24 नवंबर से राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉल लगाए जाएंगे

हल्द्वानी में 24 नवंबर से राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉल लगाए जाएंगे

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 10 दिन तक चलेगा मेला, कमर्शियल स्टॉल की दर 30 हजार रुपये निर्धारित

हल्द्वानी। राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में शुक्रवार को कोऑपरेटिव बैंक सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने बताया कि राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 24 नवम्बर से 3 दिसम्बर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में आयोजित होगा। मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनका आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। कमर्शियल स्टॉल की दर 30 हजार रुपये निर्धारित की गई है।

उन्होंने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों से मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक समूह एवं व्यापारी जल्द अपने स्टॉल का पंजीकरण कराएं। मेले में उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूह और व्यापारी प्रतिभाग करेंगे। यह आयोजन स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोक कला एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा। सीडीओ ने मेले का शुभारम्भ मुख्यमंत्री से कराने का अनुरोध भी किया।

बैठक में मेला संचालन एवं नियंत्रण समिति को आयोजन की नियमित निगरानी और निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। कार्यकारी एवं अनुरक्षण समिति को सुरक्षा, चिकित्सा, स्टॉल, विद्युत सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। आवास एवं परिवहन समिति को स्वयं सहायता समूहों के आवागमन और आवास की व्यवस्था करने तथा कलाकारों के ठहरने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

खान-पान समिति स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के भोजन एवं टोकन व्यवस्था सुनिश्चित करेगी, जबकि पंजीकरण एवं आवंटन समिति समूहों और व्यापारियों को स्टॉल आवंटित करेगी। स्वागत समिति को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई। लेखा समिति मेले के आय-व्यय का विवरण रखेगी।

मीडिया प्रबंधन एवं प्रचार-प्रसार समिति को अतिथियों को आमंत्रित करने, डिजिटल एवं अन्य प्रचार सामग्री तैयार करने और मेले से पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। मेले के प्रचार के लिए उच्च गुणवत्ता वाली मीडिया टीजर सामग्री तैयार कर प्रसारित करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण एवं अनुसंधानात्मक समिति मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कमियों एवं समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगी।

सीडीओ ने सभी अधिकारियों एवं समितियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, कलाकारों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

1610202602 हल्द्वानी में 24 नवंबर से राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉल लगाए जाएंगे Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *