कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने दी आंदोलन की चेतावनी
भीमताल।भीमताल विधानसभा के धारी ब्लॉक अंतर्गत बबियाड ग्राम सभा की दो प्रमुख मोटर सड़कों के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, नैनीताल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर दोनों सड़कों पर कार्य शुरू नहीं हुआ तो इस वर्ष भी बदहाल सड़क पर ही हरेला पर्व मनाते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
मनोज शर्मा ने बताया कि गैराखान-कैलाशद्वार मोटर मार्ग पिछले दस वर्षों से पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे कई गांवों की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है। वहीं बबियाड-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग की हालत भी बेहद खराब है और कई स्थानों पर डेंजर जोन बने हुए हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय जनता वर्षों से धरना, प्रदर्शन और ज्ञापनों के माध्यम से सरकार, लोक निर्माण विभाग तथा जनप्रतिनिधियों से सड़कों की मरम्मत की मांग कर रही है, लेकिन केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि सड़कें बदहाल होने से लोगों को आवाजाही, कृषि उत्पादों के विपणन, विद्यार्थियों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा क्षेत्र से पलायन का खतरा भी बढ़ रहा है।
मनोज शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष भी ग्रामीणों ने विरोधस्वरूप बदहाल सड़क पर ही लोकपर्व हरेला मनाकर कई दिनों तक धरना दिया था। उस समय प्रशासन ने जल्द काम शुरू कराने का भरोसा दिया था, लेकिन एक साल बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन अपने पूर्व आश्वासन के अनुसार अगले एक सप्ताह के भीतर दोनों मोटरमार्गों पर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराता है तो इस वर्ष भी हरेला पर्व बदहाल सड़क पर मनाया जाएगा और उसी दिन से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और लोक निर्माण विभाग की होगी।

