8 अगस्त को मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटी नई टीम
हल्द्वानी। हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की संस्तुति के बाद 53 पदाधिकारियों वाली नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई टीम में युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन कांग्रेस की समावेशी विचारधारा और जनसेवा की भावना के अनुरूप किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और कांग्रेस की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जन आंदोलनों और चुनावी तैयारियों में नई टीम सक्रिय भूमिका निभाएगी। साथ ही 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल जनसभा को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। वार्ड और बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई टीम में युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिला है, जो कांग्रेस की समावेशी सोच को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा 8 अगस्त की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में नई कार्यकारिणी अहम भूमिका निभाएगी।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

