एमएसएमई, पीएमईजीपी, मुख्यमंत्री स्वरोजगार, स्टार्टअप और पीएम विश्वकर्मा योजनाओं की दी जानकारी
हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग क्षेत्र के उत्कृष्ट उद्यमियों को किया सम्मानित’’
कुमाऊं जनसन्देश ब्यूरो
हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला 2026 के चौथे दिन जिला उद्योग केंद्र की ओर से स्वरोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को उद्योग विभाग की योजनाओं, उनके लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर हाथ को काम और हर परिवार को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए उद्योग विभाग के माध्यम से कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर युवा और महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) नीति के तहत नए उद्यम स्थापित करने पर पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान और स्टांप शुल्क में छूट जैसी सुविधाओं की जानकारी दी। पहाड़ी क्षेत्रों के उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन दिए जाने की भी जानकारी साझा की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत बेरोजगार युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए बैंक ऋण के साथ 15 से 35 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने के प्रावधान के बारे में बताया गया। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख रुपये और सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर अनुदान एवं ब्याज अनुदान की जानकारी दी गई।

पल्लवी गुप्ता ने उत्तराखंड उद्यम एकल खिड़की योजना के बारे में बताते हुए कहा कि उद्यम स्थापना से संबंधित अनुमतियां, लाइसेंस और एनओसी एक ही पोर्टल के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं, जिससे उद्यमियों के समय और धन की बचत होती है। उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के तहत युवाओं को मासिक भत्ता, प्रोटोटाइप अनुदान, पेटेंट और मार्केटिंग सहायता जैसी सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इसके अलावा पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण, टूलकिट सहायता, कम ब्याज पर ऋण और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। उन्होंने युवाओं और कारीगरों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने हुनर को व्यवसाय के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं ने योजनाओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान किया। उन्होंने बताया कि जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी में पहुंचकर भी योजनाओं की जानकारी और आवेदन संबंधी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

मेले में जूट शिल्प विकास एवं संवर्धन के तहत बैग, दर्पण, कटोरी और पुष्प सहित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। दृश्य कला एवं चित्रकारी के क्षेत्र में कुसुम पांडे ने प्रथम तथा राखी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लघु उद्योग श्रेणी में मुक्तेश्वर एग्रो फ्रूट प्रथम और आगेनिकीम द्वितीय स्थान पर रही। विजेताओं को दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता को कुमाऊंनी ऐपण पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, पंचायत सदस्य छवि कांडपाल सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।

