देहरादून। सरकार ने सेब और नाशपाती के न्यूनतम समर्थन मूल्य में इस साल एक रुपये की बढ़ोतरी की है। सी ग्रेड सेब का न्यूनतम समर्थन मूल्य 13 प्रतिकिलो और नाशपाती का सात रुपये प्रतिकिलो घोषित किया गया है। वहीं, भविष्य में वित्त की सहमति से विभाग न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करेगा।
कैबिनेट में आए प्रस्ताव में कहा गया कि राज्य के सेब एवं नाशपाती फल उत्पादकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया जाता है। निर्णय लिया गया कि वर्ष 2024-25 में उत्पादित सी ग्रेड सेब फल का न्यूनतम समर्थन मूल्य 13 रुपये और नाशपाती (गोला) का न्यूनतम समर्थन मूल्य सात रुपये तय किया गया है। कैबिनेट में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में सी ग्रेड सेब, नाशपाती (गोला), माल्टा, गलगल, पहाड़ी नीबू आदि का न्यूनतम समर्थन मूल्य का निर्धारण वित्त विभाग की सहमति से प्रशासकीय विभाग करेगा। बताया गया कि मुख्यमंत्री 18 अक्तूबर 2024 को विचलन के माध्यम से इसके प्रस्ताव पर अनुमोदन कर चुके हैं।