पारंपरिक कुमाऊंनी परिधानों से लेकर आधुनिक हस्तनिर्मित उत्पादों तक की शानदार प्रस्तुति, महिलाओं के आत्मविश्वास और स्वावलंबन की दिखी झलक

हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला-2026 के चौथे दिन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा आयोजित फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहा। समूह की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार परिधानों, हस्तशिल्प, आभूषणों और विभिन्न उत्पादों को रैंप पर प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं की इस अनूठी प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

फैशन शो में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने मॉडल बनकर रेशमी साड़ी, पारंपरिक पिछौड़ा, कुमाऊंनी ऐपण डिजाइन, ऊनी वस्त्र, हस्तनिर्मित आभूषण, जूट-कॉटन एवं मैक्रेम बैग, रिंगाल की टोकरियां, हस्तनिर्मित कैंडल, कोसिया टॉप, मफलर और अन्य आकर्षक उत्पादों को रैंप पर प्रदर्शित किया। पारंपरिक पहाड़ी कला और आधुनिक डिजाइन का संगम दर्शकों को खूब पसंद आया।

रैंप पर दिखा महिलाओं का आत्मविश्वास और हुनर
फैशन शो में कविता ऐड़ी ने रेशमी साड़ी, पिछौड़ा, टोपी और ज्वेलरी, प्रियंका गोस्वामी ने कुमाऊंनी ऐपण साड़ी, भावना मेहरा ने ऊनी फूल, राधा बिष्ट ने जूट, कॉटन एवं मैक्रेम बैग, किरण जोशी ने पैड एवं रेशम से बने उत्पाद, बचुली देवी ने रिंगाल की टोकरी, कंचन कनवाल ने हस्तनिर्मित कैंडल, मंजू विश्वकर्मा ने कोसिया टॉप एवं मफलर तथा श्रेया तिवारी ने पिछौड़ा और साड़ी प्रस्तुत की। भावना ने सनील लहंगा और हाथ से बने पिछौड़े की प्रस्तुति से भी आकर्षित किया।

समूह की महिलाओं ने लोक संगीत और आधुनिक धुनों पर आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक किया। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली महिलाएं आज मंच पर मॉडल बनकर अपने हुनर और मेहनत को प्रदर्शित करती नजर आईं। उनकी प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि सही अवसर और मंच मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी अपनी प्रतिभा को नई पहचान दे सकती हैं।
समूहों के उत्पादों को बाजार से जोड़ना उद्देश्य
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनाना ही नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, कौशल और सामाजिक पहचान को भी मजबूत करना है। फैशन शो इस बात का प्रमाण है कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद किसी बड़े ब्रांड से कम नहीं हैं। जरूरत केवल उन्हें सही मंच और बाजार उपलब्ध कराने की है।
परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि फैशन शो के माध्यम से समूहों के उत्पादों को नई पहचान और बाजार मिलेगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने दर्शकों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद खरीदकर महिलाओं के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
फैशन शो के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी मेले की रौनक बढ़ाई। सुप्रसिद्ध कुमाऊंनी लोकगायक गोपाल बाबू गोस्वामी के पुत्र अमित बाबू गोस्वामी ने ‘जय मैया दुर्गा भवानी, जय मैया’ और ‘कैले बाजै मुरली उचै निचै डानौ मां’ जैसे प्रसिद्ध कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
सेंट पॉल स्कूल के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, झोड़ा नृत्य और गायन की शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोक संस्कृति और संगीत से सजे कार्यक्रमों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
सरस आजीविका मेले में देशभर के 250 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री जारी है। मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

