मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से कटना से वारी तक बनेगा मोटर मार्ग, शासनादेश जारी
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक स्थित वारी गांव के ग्रामीणों का आजादी के बाद सड़क से जुड़ने का सपना जल्द साकार होने जा रहा है। मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से कटना से वारी गांव तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए शासन ने करीब 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो गया है।
वारी गांव के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के सामान को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। वहीं, बीमार लोगों को घोड़े या कंधे के सहारे सड़क तक लाना पड़ता था। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भी काफी खर्च उठाना पड़ता था। कई बार परिवहन में ही उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता था। ग्रामीणों के मुताबिक, पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के सामने सड़क निर्माण की मांग रखी गई, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग निर्माण की मांग की।
मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सबसे पहले मोटर मार्ग निर्माण के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग से स्वीकृति दिलाई। इसके बाद राज्य योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उनके प्रयासों के बाद शासन ने करीब 84 लाख रुपये की धनराशि मंजूर कर दी है।
मंत्री कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। मोटर मार्ग बनने से वारी गांव के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए। इसी उद्देश्य से लगातार कार्य किया जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री का आभार जताया है।

