हल्द्वानी। चीनी के लगातार बढ़ते दाम और महंगाई के विरोध में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को तिकोनिया चौराहे पर “महंगी चीनी, फीकी चाय” कार्यक्रम आयोजित किया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमजन और राहगीरों को बिना चीनी की फीकी चाय पिलाकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगी चीनी, फीकी चाय”, “महंगाई पर लगाम लगाओ” और “आम जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फीकी चाय केवल सांकेतिक विरोध नहीं, बल्कि उस आम आदमी की परेशानी का प्रतीक है, जिसकी रसोई से महंगाई लगातार मिठास छीन रही है।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि महंगाई ने अब आम आदमी की चाय की मिठास तक छीन ली है। चीनी, खाद्य तेल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहार सामने हैं, ऐसे में महंगी चीनी और खाद्य तेल के कारण मिठाइयों के दाम बढ़ना भी आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई के आंकड़ों के बजाय उस परिवार की चिंता समझनी चाहिए, जो त्योहार पर अपने बच्चों के लिए मिठाई खरीदना चाहता है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण और जमाखोरी-कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में महंगाई लगातार आम आदमी की कमर तोड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश में पर्याप्त चीनी का स्टॉक है तो कीमतों में लगातार वृद्धि क्यों हो रही है। उन्होंने सरकार से जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे पर्व सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे समय में आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सीधा असर त्योहारों की खुशियों पर पड़ता है। सरकार को जनता को राहत देने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, ललित जोशी, मलय बिष्ट, जया कर्नाटक, मधु सांगूड़ी, नीमा भट्ट, राधा आर्य, विमला सांगूड़ी, भागीरथी बिष्ट, कमला सनवाल, दीपा खत्री, हेम पांडे, किरन माहरा, हेमंत बगड़वाल, गिरीश पांडे, महेश कांडपाल, राजेंद्र बिष्ट, दीप पाठक, बहादुर बिष्ट, राकेश बृजवासी, विनोद कुमार, हिमांशु जोशी, महेशानंद, जीवन कार्की, अवध बिहारी शर्मा, गोविंद बगड़वाल, जगमोहन चिलवाल, राजू रावत, शंकर कोहली, प्रदीप नेगी, खीमानंद पांडे, संदीप भैसोड़ा, संजू उप्रेती, हेम जोशी, राजू सुयाल, मनोज टम्टा, कैलाश साह, संदीप पांडे, मनोज शर्मा, जीत सिंह, मनोहर सांगुड़ी, बंटू रहमान, प्रदीप बिष्ट, एडवोकेट कोमल जायसवाल, बबलू बिष्ट, उदित करायत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

