ram singh kaida कैड़ा ने दिए ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक की प्रत्येक न्याय पंचायत में श्रम विभाग के कैंप लगानेके निर्देश

कैड़ा ने दिए ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक की प्रत्येक न्याय पंचायत में श्रम विभाग के कैंप लगानेके निर्देश

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के श्रमिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए श्रम विभाग के अधिकारियों को चारों ब्लॉकों में न्याय पंचायतवार कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक की प्रत्येक न्याय पंचायत में श्रम विभाग के कैंप लगाने को कहा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में हजारों श्रमिकों ने श्रम विभाग में अपना पंजीकरण कराया है। ऐसे में श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूर कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए न्याय पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि कैंपों के माध्यम से उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न सामग्री का वितरण भी किया जाना है। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र श्रमिकों को उनका लाभ दिलाया जाएगा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कर्मकार बोर्ड एवं श्रम विभाग के माध्यम से अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, श्रमिकों की बालिकाओं के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता तथा श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं प्रमुख हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से श्रमिकों के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की व्यवस्था भी की गई है। इन सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए विभागीय कैंपों का आयोजन महत्वपूर्ण है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक की प्रत्येक न्याय पंचायत में कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *