हल्द्वानी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से नगर क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को नमन किया तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे डीके पार्क, पटेल चौक से प्रभात फेरी के साथ हुई। प्रभात फेरी का समापन वार्ड संख्या 16 स्थित शहीद चौक बाजार क्षेत्र में किया गया। इसके बाद नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सुबह 9 बजे नगर निगम प्रांगण में महापौर ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद एमबीपीजी कॉलेज, नैनीताल रोड में ध्वजारोहण, मार्चपास्ट की सलामी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संबोधन हुआ। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भरा।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सम्मानित नागरिक तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिवार का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी शहर की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। नगर निगम का लक्ष्य हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधाओं से युक्त विकसित शहर बनाना है। उन्होंने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जनता और विद्यालयों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया। महापौर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान से देशवासियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

