हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में लंबी कतार में खड़े होकर नहीं करना पड़ेगा अपनी बारी का इंतजार
हल्द्वानी। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए राहत की खबर है। अब बुजुर्ग मरीजों को हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में सोमवार यानी 17 अगस्त 2026 से वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग ओपीडी शुरू की जा रही है। सुशीला तिवारी अस्पताल के हड्डी रोग विभाग ने बुजुर्ग मरीजों की सुविधा को देखते हुए यह पहल की है। बढ़ती उम्र में घुटनों में दर्द, जोड़ों की परेशानी, कमर और रीढ़ की समस्या के साथ ही पुरानी चोटों से जुड़ी शिकायतों के कारण बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक अस्पताल पहुंचते हैं।
फिलहाल सामान्य ओपीडी व्यवस्था के चलते बुजुर्ग मरीजों को चिकित्सक को दिखाने के लिए कतार में लगना पड़ता है। इसके बाद एक्स-रे और अन्य जांचों के लिए भी उन्हें दोबारा लाइन में इंतजार करना पड़ता है। अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. गणेश सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि सोमवार से वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग ओपीडी संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य बुजुर्ग मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना है। इस ओपीडी में मरीजों के इलाज के साथ-साथ उनके परिजनों को ’’फॉल प्रिवेंशन यानी गिरने से बचाव’’ के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि बुजुर्गों को चोट और फ्रैक्चर जैसी समस्याओं से बचाया जा सके।
एसटीएच की यह पहल बुजुर्ग मरीजों के लिए न सिर्फ इलाज को आसान बनाएगी, बल्कि अस्पताल में होने वाली लंबी कतार और इंतजार की परेशानी से भी उन्हें राहत मिलेगी।

