नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से जनपद नैनीताल में 14 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को जनपद नैनीताल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग ने 14 अगस्त को जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
शिक्षकों और स्टाफ को भी अवकाश
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी 14 अगस्त को अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी, जिला शिक्षाधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों से भी सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

