अल्मोड़ा। केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की कक्षा 10 की छात्रा प्रेरणा जोशी को 15 अगस्त को नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है।
प्रेरणा जोशी ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में माई गवर्नमेंट प्लेटफॉर्म की ओर से रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में देशभर से 9300 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें प्रेरणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर आठवां स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए प्रेरणा को स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रण के साथ प्रमाण पत्र और 5000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। समारोह में शामिल होने के लिए प्रेरणा और उनके एक सहयोगी के नाम दो ई-आमंत्रण जारी किए गए हैं। कंपेनियन के रूप में उनके पिता प्रमोद जोशी उनके साथ नई दिल्ली जाकर समारोह में शामिल होंगे।
प्रेरणा जोशी की इस उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की प्रधानाचार्य मीना राणा, कला शिक्षिका रूमाना नाज, कक्षाध्यापिका मीना बिष्ट सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रेरणा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यालय और अल्मोड़ा के लिए गर्व का विषय है।

