mosam उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखण्ड ताजा खबर देहरादून नैनीताल पिथौरागढ़ बागेश्वर
खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा 13 अगस्त को जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को आवश्यक सावधानियां और तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना वाले क्षेत्रों में अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मौसम और परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

वहीं चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश का दौर रहने के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट

15 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अति तीव्र बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश का दौर आने की संभावना है।

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश के मद्देनजर येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें

सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहें और भूस्खलन व चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों, नदी-नालों तथा जलधाराओं के आसपास जाने से बचें।

भारी बारिश या अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने तथा सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र को पार करने का प्रयास न करने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें।

भारी बारिश के दौरान उफनती नदियों, धाराओं और नालों में तैरने अथवा नौका विहार से भी बचने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि प्रतिकूल मौसम में भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *