हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े 15 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक शुरू होने से पहले उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।बैठक के दौरान नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। निगम का कहना है कि इससे यूजर चार्ज वसूली की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
महापौर द्वारा 12 तथा पार्षदों द्वारा तीन जनहित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन्हें चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। प्रमुख प्रस्तावों में नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि, 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने पर राहत, शहर में 200 विद्युत पोल एवं तार लगाने, सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए नए वाहन, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदने तथा नगर निगम कार्यालय के विस्तारीकरण और सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने का निर्णय शामिल है।
इसके अलावा सुभाष नगर स्थित निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने पर विचार, महापुरुषों की प्रतिमाओं के लिए भूमि चयन, गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट और मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाने, एसडब्ल्यूएम रूल-2026 के तहत उपविधियां बनाने, ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए।
पार्षदों के प्रस्तावों में सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने, यूयूएसडीए द्वारा बनाई जा रही सड़कों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने तथा आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने और भविष्य में ऐसी दुकानों पर रोक लगाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकृत हुए। साथ ही पूर्व में कराए गए विकास कार्यों को कार्योत्तर स्वीकृति भी प्रदान की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का हर निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहरों में शामिल किया जा सके।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी टोलिया सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और सभी पार्षद मौजूद रहे।

