84 करोड़ के आधुनिक दुग्ध प्लांट का किया निरीक्षण
लालकुआं। उत्तराखंड डेयरी विकास विभाग के निदेशक ईलागिरी ने गुरुवार को नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का निरीक्षण कर दुग्धशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दूध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता, पैकेजिंग और दुग्ध उत्पादों के विपणन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आधुनिक तकनीकों और गुणवत्ता मानकों के प्रभावी पालन पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें दुग्ध उत्पादन, सहकारी व्यवस्था और दुग्ध उत्पादक किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। निदेशक ने विभिन्न अनुभागों में दूध की गुणवत्ता जांच, प्रसंस्करण प्रक्रिया, तैयार उत्पादों के भंडारण एवं वितरण प्रणाली का अवलोकन करते हुए कार्यप्रणाली की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने करीब 84 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की समीक्षा करते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्लांट शुरू होने के बाद दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर विपणन सुविधा और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

