उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और भारतीय डाक विभाग के बीच एमओयू का नवीनीकरण
हल्द्वानी । उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और भारतीय डाक विभाग, हल्द्वानी के बीच मंगलवार को आगामी तीन वर्षों के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का नवीनीकरण किया गया। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री की समयबद्ध और सुगम आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
एमओयू नवीनीकरण के अवसर पर डाक विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों तक पुस्तकों की शीघ्र एवं सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभाग विश्वविद्यालय के साथ पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करेगा। दोनों संस्थानों के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की संपूर्ण जानकारी, जिसमें नाम, नामांकन संख्या, पता एवं मोबाइल नंबर शामिल होंगे, एक्सेल शीट के माध्यम से डाक विभाग को उपलब्ध कराएगा।
समझौते के अनुसार डाक विभाग का वाहन प्रतिदिन विश्वविद्यालय परिसर से डाक एवं पार्सल प्राप्त करेगा। सबसे महत्वपूर्ण पहल यह है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को पुस्तकों के पार्सल की ट्रैकिंग सुविधा भी उपलब्ध होगी। पुस्तकें भेजे जाने के बाद विद्यार्थियों को एक ट्रैकिंग आईडी प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से वे अपने पार्सल की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे।
विश्वविद्यालय और डाक विभाग का लक्ष्य है कि विश्वविद्यालय से अध्ययन सामग्री डिस्पैच होने के बाद अधिकतम पांच दिनों के भीतर पुस्तकें विद्यार्थियों के पते पर पहुंच जाएं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी, एमपीडीडी निदेशक प्रोफेसर पी.डी. पंत, कुलसचिव खेमराज भट्ट, पोस्टमास्टर चंदन बिष्ट, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव नरेश शर्मा, सहायक निदेशक एमपीडीडी डॉ. दीपांकुर जोशी, डॉ. घनश्याम जोशी, आईसीटी विभाग से राजेंद्र गोस्वामी तथा नंदन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

