NABARD समर्थित LEDP प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

कुमाऊं जनसन्देश ब्यूरो, हल्द्वानी। महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत महिला एवं पिछड़ा वर्ग सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा NABARD के सहयोग से संचालित लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (LEDP) के अंतर्गत एम्ब्रॉयडरी एप्लिक वर्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को दमुवाढूंगा स्थित जय गोल्ज्यू बैंक्वेट हॉल में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद Ajay Bhatt ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर NABARD द्वारा प्रकाशित दो महत्वपूर्ण पुस्तिकाओं का भी विमोचन किया गया। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण से संबंधित ये प्रकाशन महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाकर अपने हुनर को आय के स्थायी साधन में बदलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत दमुवाढूंगा क्षेत्र की 30 महिलाओं को एम्ब्रॉयडरी एप्लिक वर्क का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक कढ़ाई तकनीक, डिजाइन विकास, उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता सुधार और विपणन संबंधी जानकारी दी जाएगी, जिससे वे अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में NABARD नैनीताल के जिला विकास प्रबंधक (DDM) मुकेश देववाल, एलडीएम नैनीताल, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक एवं नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय और प्रभावी कदम बताया।
कार्यक्रम में लगभग 150 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं ने पारंपरिक कुमाऊँनी वेशभूषा में अतिथियों का स्वागत कर स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। प्रतिभागियों के उत्साह और सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
महिला एवं पिछड़ा वर्ग सहकारी समिति लिमिटेड की अध्यक्ष सायमा हुसैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। वहीं समिति की सचिव निर्मला दर्मवाल ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागी महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था की टीम सदस्य निशा प्रिया एवं सरोफीना का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों, प्रतिभागियों के पंजीकरण तथा समन्वय व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में अतिथियों ने महिला एवं पिछड़ा वर्ग सहकारी समिति लिमिटेड के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि NABARD समर्थित यह LEDP प्रशिक्षण कार्यक्रम क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा महिला उद्यमिता को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।

