सड़क निर्माण एवं डामरीकरण के लिए 1.35 करोड़ रुपये स्वीकृत, ग्रामीणों में खुशी
हल्द्वानी/नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शहरी विकास एवं आवास मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से धारी ब्लॉक के नदगल गांव को सड़क संपर्क से जोड़ने तथा ओखलकांडा ब्लॉक के टकूरा वन चौकी से जमराड़ी तक मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
धारी ब्लॉक की ग्राम सभा महतोलियागांव के नदगल गांव के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दैनिक उपयोग का सामान मुख्य मार्ग से पैदल ढोना पड़ता था। वहीं बीमार मरीजों को कंधों या घोड़ों के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत संबंधित विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन से नदगल मोटर मार्ग निर्माण के लिए 67.41 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
इसके अतिरिक्त ओखलकांडा ब्लॉक में टकूरा वन चौकी से जमराड़ी तक मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसके डामरीकरण के लिए 67.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क की खराब हालत के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, जिससे क्षेत्रीय जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नदगल मोटर मार्ग निर्माण और टकूरा-जमराड़ी सड़क के डामरीकरण का कार्य जल्द धरातल पर दिखाई देगा।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने रामगढ़ ब्लॉक के कांडा, झूतिया, तल्ला रामगढ़ और बोहराकून सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को फोन पर आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित समाधान को कहा।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नई सड़कों के निर्माण का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं।
सड़क निर्माण और डामरीकरण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय जनता ने खुशी जताते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया है।

