logo1 घास लेने जंगल गई महिला की खाई में गिरने से मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

घास लेने जंगल गई महिला की खाई में गिरने से मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

उत्तराखण्ड ताजा खबर बागेश्वर
खबर शेयर करें

बागेश्वर। जिले के कांडा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जंगल में घास लेने गई एक महिला का पहाड़ी से पैर फिसल गया, जिससे वह गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार कांडा थाना क्षेत्र के बांजझिरौटी गांव निवासी कमला देवी (48 वर्ष), पत्नी पूरन राम, सोमवार सुबह रोजमर्रा की तरह घर से जंगल में घास लेने के लिए निकली थीं। घास काटने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पहाड़ी से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरीं। गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कांडा थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस शव को खाई से बाहर निकालने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

कमला देवी अपने पीछे चार बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों के सिर से मां का साया उठने के बाद परिवार के सामने भविष्य और पालन-पोषण की चिंता भी खड़ी हो गई है। गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और परिजनों को ढांढस बंधा रहा है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पहाड़ी से पैर फिसलने के कारण हुए हादसे का प्रतीत हो रहा है। शव का पंचनामा भरने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में जंगलों से चारा और घास लाने के दौरान महिलाओं के सामने मौजूद जोखिमों को उजागर कर दिया है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *