अल्मोड़ा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट प्रांगण में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में देवदार के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी असंख्य बलिदानों और लंबे संघर्ष के बाद हासिल हुई है। स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों एवं मूल्यों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उपजिलाधिकारियों एवं राज्य आंदोलनकारियों को जिलाधिकारी अंशुल सिंह, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट एवं गोविंद पिल्खवाल ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इसके बाद मल्ला महल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलाकारों और विद्यार्थियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लेते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मल्ला महल में विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और कार्मिकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रवि रौतेला, ललित लटवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

