IMG 20260801 WA0028 मंत्री कैड़ा ने दिये सड़कों, सीवर, पेयजल और स्ट्रीट लाइट परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

मंत्री कैड़ा ने दिये सड़कों, सीवर, पेयजल और स्ट्रीट लाइट परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

हल्द्वानी। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम में उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (यूयूएसडीए) के अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कुमाऊं मंडल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि वर्षाकाल को देखते हुए सड़कों से जुड़े सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान नैनीताल, हल्द्वानी, टनकपुर, किच्छा सहित अन्य शहरों में चल रही सीवर लाइन, पेयजल, सड़क निर्माण और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी), केएफडब्ल्यू (जर्मन बैंक) और यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक (ईआईबी) के सहयोग से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईआईबी की सहायता से पिथौरागढ़, सितारगंज, रुद्रपुर और काशीपुर में विभिन्न विकास कार्य निर्माणाधीन हैं, जिनका लाभ लगभग छह से सात लाख लोगों को मिलेगा। वहीं केएफडब्ल्यू के सहयोग से ऋषिकेश में पेयजल परियोजना तथा 24 ई-बसों की व्यवस्था का कार्य भी प्रस्तावित है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका शीघ्र लोकार्पण कराया जाए ताकि जनता को उनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं की नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में बनाए रखने के लिए विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों का संतुलन आवश्यक है। उन्होंने ‘पेड़ बचाओ अभियान’ को बढ़ावा देते हुए संतुलित एवं पर्यावरण अनुकूल विकास पर बल दिया।

बैठक में परियोजना निदेशक विनय मिश्रा सहित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *