हल्द्वानी। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र, नैनीताल के तत्वावधान में हल्द्वानी स्थित जिला उद्योग केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हथकरघा क्षेत्र के संवर्धन एवं प्रोत्साहन के साथ पारंपरिक भारतीय हथकरघा उद्योग के महत्व पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में स्थानीय बुनकरों एवं शिल्पकारों के योगदान तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हथकरघा क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित किया गया। साथ ही हस्तनिर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, कौशल विकास, वित्तीय सहायता, डिजिटलीकरण, उत्पादों की गुणवत्ता और ब्रांडिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अवसर पर हथकरघा क्षेत्र से जुड़े बुनकरों एवं उद्यमियों को परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए सम्मानित किया गया। पूजा आर्या, कमला कपकोटी, हरीश राम, बहादुर सिंह राठौर तथा जीवन चंद्र जोशी को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता, प्रबंधक रॉबिन सिंह, के.एस. कर्याल, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी कालाढूंगी, अभय कुमार वर्मा, सचिव गांधी आश्रम हल्द्वानी, रमेश उपाध्याय, प्रबंधक गांधी आश्रम उत्पादन हल्द्वानी सहित हस्तशिल्पी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

