हल्द्वानी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह तत्काल लागू करने सहित बैंक कर्मचारियों की लंबित और जायज मांगों के समर्थन में बुधवार को हल्द्वानी में बैंक कर्मचारियों ने विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की हल्द्वानी मेन ब्रांच, नैनीताल रोड के सामने शाम 5:15 बजे आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न बैंकों के सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन के जोनल सेक्रेटरी साथी ओमप्रकाश निओलिया ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में लंबे समय से स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है। इसके चलते कर्मचारियों पर लगातार कार्यभार और दबाव बढ़ रहा है, इसके बावजूद उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समय की मांग है और इसे बिना किसी और विलंब के लागू किया जाना चाहिए।
उत्तरांचल बैंक एम्प्लॉइज यूनियन, नैनीताल इकाई के जिला सचिव योगेश पन्त ने कहा कि UFBU की ओर से केंद्रीय श्रम आयुक्त (CLC) को पत्र सौंपने और बार-बार प्रतिवेदन देने के बावजूद यदि प्रबंधन एवं सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो बैंक कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन और हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे। उन्होंने बैंक कर्मचारियों से एकजुट होकर संघर्ष को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान “पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करो”, “स्टाफ की कमी दूर करो” और “बैंक कर्मचारियों की मांगें पूरी करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा।
कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से रोहित वर्मा, कैनरा बैंक से महेश सिंह पांगती, बीओबी से चंदन सिंह बिष्ट, दिनेश सिंह गहतोडी, हेमू जोशी, भुवनेश पांडे, कुसाग्र जोशी, हीरा राम, उपेन्दर मनराल, अमित कनवाल, खुशहाल सिंह रावत, शिवराज सिंह रावत, सीएस लोहनी, राजेंद्र सिंह, हर्षिता मिलकानी, मंजू जोशी, ममता कुलकड़िया, दिनेश कुमार, मोहित वर्मा, राकेश तिवारी, हरीश रावत, देवेंद्र सिंह रावत, राजेंद्र सिंह भोजक, जगत बिष्ट, भवान सिंह महर, अनिल टम्टा, जगत सिंह, गिरीश सिंह बिष्ट, महेन्द्र सिंह, मनोज मेहता, गिरीश बिष्ट, जितेश, लोहित उपाध्याय, किरण कांडपाल, मोहित कुमार, अजय पाण्डेय, अशोक कुमार, पार्वती देवी, प्रीति गुरूरानी, कमल राम, चेतन चौहान, विनोद प्रसाद, यज्ञेश खोलिया, तेज सिंह, हिमांशु, हरिओम सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।
UFBU ने चेतावनी दी कि यदि बैंक कर्मचारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। संगठन ने इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन और सरकार की होने की बात कही।

