IMG 20260816 WA0010 लालकुआं में विकास की नई पहल, सांसद अजय भट्ट ने किया स्वागत द्वार व तिरंगा लाइट का लोकार्पण

लालकुआं में विकास की नई पहल, सांसद अजय भट्ट ने किया स्वागत द्वार व तिरंगा लाइट का लोकार्पण

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

IMG 20260816 WA0011 लालकुआं में विकास की नई पहल, सांसद अजय भट्ट ने किया स्वागत द्वार व तिरंगा लाइट का लोकार्पण

लालकुआं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत लालकुआं में आयोजित समारोह में नगर के दोनों प्रवेश द्वारों पर नवनिर्मित स्वागत द्वार एवं तिरंगा लाइट का लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में बोर्ड सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में इन विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि नगर के सौंदर्यीकरण और विकास को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों प्रवेश द्वारों के निर्माण से लालकुआं को नई पहचान मिलेगी, जबकि तिरंगा लाइट के माध्यम से राष्ट्रीय भावना और देशभक्ति का संदेश भी प्रदर्शित होगा।

विकास कार्यों को लेकर सांसद से की चर्चा

लोकार्पण के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने सांसद अजय भट्ट के साथ नगर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में मूलभूत सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, विद्युत लाइन, रेलवे क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, बाईपास निर्माण और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

अध्यक्ष लोटनी ने आवासीय क्षेत्र के बीच से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन को स्थानांतरित किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइन के कारण सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं और इसका समाधान जरूरी है। सांसद अजय भट्ट ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कराने का आश्वासन दिया।

रेलवे क्षेत्र में 25 करोड़ के कार्यों से बढ़ेंगी सुविधाएं

बैठक में लालकुआं रेलवे क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि रेलवे क्षेत्र का विकास लालकुआं की समग्र सुंदरता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बाईपास निर्माण का मुद्दा भी उठा

नगर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने लालकुआं बाईपास निर्माण का मुद्दा भी सांसद के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के नगर के बीच से गुजरने के कारण नागरिकों को परेशानी होती है। बाईपास बनने से यातायात का दबाव कम होने के साथ ही नगरवासियों को जाम से राहत मिलेगी।

सांसद अजय भट्ट ने इस विषय में आवश्यक पहल और सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं, ग्रीन बाईपास को लेकर भी चर्चा हुई। सांसद ने बताया कि इससे क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने और लालकुआं से मुरादाबाद तक आवागमन का समय कम होने में मदद मिलेगी। अध्यक्ष ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

विकास कार्यों को गति देने की प्रतिबद्धता

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि लालकुआं का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर पंचायत का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर सड़क, यातायात, विद्युत व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाओं से युक्त व्यवस्थित एवं विकसित नगर बनाना है। कार्यक्रम में बोर्ड सदस्य नेहा आर्य, धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, शबनम, सुरेश शाह, दीपा, हेमंत पांडे और भुवन पांडे सहित नामित सदस्य विनोद श्रीवास्तव, गौरव कपूर और तारा पांडे मौजूद रहे।

इसके अलावा सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, पूर्व अध्यक्ष पवन कुमार चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, वरिष्ठ समाजसेवी संजीव शर्मा, अरुण जोशी, हरीश नैनवाल, बॉबी संभल, अशोक पाठक, दीपू दयाल, बी. भट्ट, रमाकांत और चंद्रशेखर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सांसद अजय भट्ट, बोर्ड सदस्यों, नामित सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और जनता के सहयोग से लालकुआं को और अधिक सुंदर, व्यवस्थित एवं विकसित बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *