आई ए एस ललित मोहन रयाल को शासन में मिली नई जिम्मेदारी
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों समेत 10 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को इस पद से हटाकर अपर सचिव कार्मिक एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
निदेशक खेल एवं युवा कल्याण दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस निधि यादव से कृषि विभाग की जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण बनाया गया है।
तबादला सूची के अनुसार देहरादून में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा को हरिद्वार का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। पीसीएस अधिकारी पंकज उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं, हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता को देहरादून में अपर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। अल्मोड़ा में तैनात एसडीएम सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल भेजा गया है, जबकि सुधीर कुमार का नैनीताल से अल्मोड़ा तबादला किया गया है।
शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

