हल्द्वानी। बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), हल्द्वानी की ओर से 16 अक्टूबर 2026 से संचालित 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर (लघु उद्यमी) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण में नैनीताल जिले की 31 महिलाओं ने भाग लेकर प्रशिक्षण पूर्ण किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी की क्षेत्रीय व्यवसाय विकास प्रबंधक (आरबीडीएम) तरनजीत कौर ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद घर जाकर जल्द से जल्द अपना स्वरोजगार शुरू करें। उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण में सीखे कौशल और आरसेटी के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि अन्य महिलाएं भी इसका लाभ उठा सकें।
विशिष्ट अतिथि चेष्टा एनजीओ हल्द्वानी की सुमन अधिकारी ने महिलाओं को छोटे स्तर से व्यवसाय शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटे स्तर पर कारोबार शुरू करने से आर्थिक मजबूती मिलती है और धीरे-धीरे बाजार में पहचान बनाने के साथ व्यवसाय का विस्तार भी किया जा सकता है।
संस्थान के फैकल्टी नरेंद्र सिंह पिलख्वाल ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी संस्थान अगले दो वर्षों तक प्रशिक्षणार्थियों के संपर्क में रहेगा। इस दौरान उन्हें निजी व्यवसाय शुरू करने और आय सृजन गतिविधियों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया जाएगा।
समापन समारोह में फैकल्टी नरेंद्र सिंह पिलख्वाल, एफएलसी काउंसलर सुरेश कुमार बिष्ट, आरसेटी स्टाफ ममता कनवाल, प्रकाश गोस्वामी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

