IMG 20261112 WA0003 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक हल्द्वानी में लगेगा राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला

24 नवंबर से 3 दिसंबर तक हल्द्वानी में लगेगा राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश

हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को विकासखंड कार्यालय हल्द्वानी के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला जनपद का एक प्रतिष्ठित आयोजन है, जिसमें देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन प्रतिभाग करेंगे। मेले में करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर चर्चा की गई। सीडीओ ने मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश देते हुए उसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने 18 नवंबर तक सरस मेले से संबंधित सभी प्रकार की बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण कराने तथा सांसदों, विधायकों एवं अन्य अतिथियों को समय से आमंत्रण पत्र और ई-कार्ड भेजने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल का विस्तृत मैप तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।

सीडीओ ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने, जल संस्थान एवं विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार और मीडिया सेल की व्यवस्था के लिए जिला सूचना अधिकारी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय सीमा में पूरे करने होंगे, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या व्यवधान उत्पन्न न हो और मेले का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रविशंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

1610202602 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक हल्द्वानी में लगेगा राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *