250 स्टालों में दिखेगा देशभर के स्वयं सहायता समूहों का हुनर
हल्द्वानी। एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने मेले में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी शामिल होंगे और करीब 250 स्टाल लगाए जाएंगे। ऐसे में संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं मजबूत और सुव्यवस्थित रखी जाएं।
उन्होंने मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, जिसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग समेत महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी अतिथियों के लिए आमंत्रण पत्र और ई-कार्ड तैयार करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रियाएं 30 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में अपने दायित्व पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम हल्द्वानी को मेला स्थल पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था करने, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय में पूरे करने होंगे, ताकि राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले का आयोजन व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायतराज अधिकारी सुरेश बेनी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरदेव सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, उपनिदेशक रेशम विभाग रोमिल पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

