धारी। ब्लॉक सभागार धारी में सोमवार को टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स संस्था की ओर से टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य टीबी से उपचाराधीन मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए सहयोग प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु कांडपाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, प्रकाश चंद्र नानू, वरिष्ठ उपचार निरीक्षक कमलेश बचखेती, ऋचा उपाध्याय, ज्योति एवं पद्मा दुमका सहित आशा कार्यकर्ता और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु कांडपाल ने उपस्थित टीबी मरीजों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव और उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार में नियमित रूप से दवा लेना जितना जरूरी है, उतना ही मरीज के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने मरीजों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार पूरा करने तथा बीच में दवा न छोड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मौसम में बदलाव के दौरान होने वाले जलजनित रोगों को लेकर भी जागरूक किया गया। लोगों को साफ पानी का सेवन करने, पानी को ढककर रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई गई। उपस्थित लोगों ने टीबी मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार में सहयोग के लिए संस्था की इस पहल की सराहना की।

