गांधी पार्क से घंटाघर तक उमड़ा जनसैलाब, स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस से पहले रविवार को राजधानी देहरादून देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई हर घर तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हजारों लोगों के साथ शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों के स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को संकल्पबद्ध रहना होगा।
सेना के शौर्य का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के जरिए देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने दुनिया के सामने अपनी ताकत और सामर्थ्य का परिचय दिया है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश की मिट्टी ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
विकास और रोजगार के आंकड़े गिनाए
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दे रही है।
34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा और खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली और सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

