IMG 20260808 WA0045 मंत्री कैड़ा ने किया छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ, 2.65 करोड़ रुपये होंगे खर्च

मंत्री कैड़ा ने किया छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ, 2.65 करोड़ रुपये होंगे खर्च

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

भीमताल। भीमताल ब्लॉक के पिनरौ स्थित प्रसिद्ध छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ हो गया है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मंदिर के विकास के लिए 2 करोड़ 65 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें से एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है।

शनिवार को क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर आभार जताया। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पिनरौ स्थित छोटा कैलाश मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की मांग की थी। उनकी मांग पर मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करते हुए विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।

उन्होंने कहा कि छोटा कैलाश मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्तमान में मंदिर तक पहुंचने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

योजना के तहत मंदिर परिसर में पारंपरिक शैली का प्रवेश द्वार, रेलिंग और बेहतर रास्ते बनाए जाएंगे। मंदिर के पीछे स्थित धर्मशाला का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर की दीवारों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को सौंपी गई है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि छोटा कैलाश मंदिर के विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि घोड़ाखाल स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र के सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है।

छोटा कैलाश मंदिर को मंदिर माला मिशन में शामिल किए जाने पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा का स्वागत करते हुए आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *