सीएम धामी ने रवि को दी बधाई, युवाओं का बताया प्रेरणास्रोत
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा से एक बड़ी और खास खबर सामने आई है। यहां रहने वाले युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने ऐसा इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाया है, जो हवा में उड़ सकता है। ’’“हैपिडा स्काइनेक्स”’’ नाम के इस व्हीकल का सफल ट्रायल भी किया गया है। अल्मोड़ा जिले के काफलीखान निवासी रवि टम्टा ने अपनी मेहनत और तकनीकी जानकारी के दम पर यह सिंगल सीट वाला फ्लाइंग व्हीकल तैयार किया है। सबसे खास बात यह है कि यह व्हीकल ’’बिजली से चलता है।’’ कई साल की मेहनत और परीक्षण के बाद रवि ने इसे तैयार किया है। इसका मकसद ऐसी तकनीक तैयार करना है, जिसमें आने वाले समय में बिजली का इस्तेमाल करके हवा में सफर किया जा सके। अल्मोड़ा के ’’हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम’’ में “हैपिडा स्काइनेक्स” का ट्रायल किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ’’अंशुल सिंह’’ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ’’चंद्रशेखर आर. घोड़के’’ भी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के जरूरी इंतजामों के बीच रवि टम्टा ने खुद इस व्हीकल में बैठकर उड़ान भरी।
व्हीकल के हवा में उठते ही मौके पर मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला। रवि का कहना है कि यह अभी शुरुआती दौर का मॉडल है और आगे इसमें कई और सुधार किए जाने हैं। लेकिन इस ट्रायल ने यह जरूर साबित किया है कि पहाड़ के युवा भी नई तकनीक बनाने और उसे जमीन पर उतारने की क्षमता रखते हैं। रवि टम्टा की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने भी उनसे वीडियो कॉल के जरिए बात की। मुख्यमंत्री ने रवि को बधाई देते हुए उनके प्रयास को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने आगे भी हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी रवि की इस उपलब्धि को अल्मोड़ा के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।

