भीमताल। नैनीताल जिले के धारी क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। पिछले दो दिनों से लापता चल रही एक 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव च्यूरीगाड़ के गधेरे में बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही मुक्तेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार धारी क्षेत्र के च्यूरीगाड़ निवासी मोहनी देवी (87 वर्ष), पत्नी भगवान सिंह, बीते दो दिनों से लापता थीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मुक्तेश्वर थाने में दर्ज कराई थी। सोमवार को ग्रामीणों ने च्यूरीगाड़ के गधेरे में एक महिला का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर मुक्तेश्वर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि परिजनों को मौके पर बुलाकर शव की पहचान कराई गई। परिजनों ने मृतका की पहचान मोहनी देवी के रूप में की।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहनी देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं। आशंका जताई जा रही है कि गधेरे के पास उनका पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर गईं और हादसे में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

