
लालकुआं। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के हड़ियागांव स्थित कार्यालय में सोमवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुग्ध संघ की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं वित्तीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए दुग्ध उत्पादकों के हित में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक शुरू होने से पहले अध्यक्ष मुकेश बोरा के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इसके बाद आयोजित बोर्ड समीक्षा बैठक में दुग्ध संग्रहण, उत्पादन, विपणन, वित्तीय स्थिति एवं संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में दुग्ध की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विपणन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और संघ की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का हित ही दुग्ध संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर सेवाएं, उचित मूल्य और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संघ लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर धरातल पर उतारने तथा कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में संचालक मंडल सदस्य आनंद सिंह नेगी, गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, दीपा बिष्ट, खष्टी देवी, हेमा देवी एवं पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र प्रसाद दुमका, प्रभारी लैब रमेश आर्या, महेंद्र सिंह पडियार, हरीश आर्या, मीना रौतेला, डॉ. रमेश मेहता सहित दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
