अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को ओखलकांडा ब्लॉक के भीड़ापानी, नरतोला, झूपली बाज, पतलोट और भद्रेठा क्षेत्रों का दौरा कर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जन समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। प्रस्तावों की स्वीकृति मिलने के बाद इन गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य तेज़ी से शुरू किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए, ताकि पात्र लोगों को उनका पूरा लाभ मिल सके।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।

