हल्द्वानी। हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता “स्विम फॉर ग्लोरी” में आर्यमान विक्रम बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग, हल्द्वानी के छात्र कौस्तुभ भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 आयु वर्ग में कुल चार पदक जीतकर जनपद नैनीताल और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। कौस्तुभ ने प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण पदक, 1 रजत पदक और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए।
स्विम सिटी क्लब, हल्द्वानी द्वारा आयोजित इस प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए 295 तैराकों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य में तैराकी खेल को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं गदरपुर विधायक अरविन्द पाण्डेय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नैनीताल के मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे। इस दौरान तैराकी से जुड़े अनेक प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक मनोज जोशी ने बताया कि प्रदेश में तैराकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, आर्यमान विक्रम बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग के विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, खेल अध्यापकों एवं प्रशिक्षकों ने कौस्तुभ भट्ट की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

