Dehradun: उत्तराखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें परीक्षा केंद्र खोजने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं के एडमिट कार्ड पर दिए गए क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन करते ही अभ्यर्थियों को सीधे परीक्षा केंद्र की लोकेशन मिल जाएगी। इसके साथ ही राज्य लोक सेवा आयोग ने परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम (Exam Centre Management System) विकसित किया है, जिससे दोनों आयोगों के लिए परीक्षा केंद्रों का चयन और प्रबंधन पहले की तुलना में अधिक आसान और पारदर्शी हो जाएगा। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों का एक बार ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक भर्ती परीक्षा के लिए बार-बार पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। केंद्रों का वर्गीकरण उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा, जिससे परीक्षा की आवश्यकता और संवेदनशीलता के अनुसार उपयुक्त केंद्रों का चयन किया जा सकेगा।
इस पोर्टल की एक और विशेषता यह है कि परीक्षा केंद्रों को पंजीकरण से लेकर अभ्यर्थियों की उपस्थिति भेजने तक की सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से स्वतः प्राप्त होती रहेंगी। परीक्षा केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक सरल होगा।
राज्य लोक सेवा आयोग के अनुसार, इस प्रणाली के तहत अब तक प्रदेशभर के 200 परीक्षा केंद्र पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें अल्मोड़ा के 2, बागेश्वर के 9, चमोली के 24, चंपावत के 33, देहरादून के 31, हरिद्वार के 8, नैनीताल के 17, पौड़ी के 21, पिथौरागढ़ के 6, रुद्रप्रयाग के 13, टिहरी का 1, ऊधमसिंह नगर के 19 और उत्तरकाशी के 16 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। आयोग का कहना है कि आने वाले समय में और भी परीक्षा केंद्र इस पोर्टल से जोड़े जाएंगे।
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, इस डिजिटल प्रणाली से कागजी कार्रवाई में कमी आएगी, परीक्षा केंद्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा और भर्ती परीक्षाओं का संचालन अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बन सकेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के चयन में आयोग का समय और संसाधन भी बचेंगे।

